Friday, October 9, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यादुर्गापूजा और दशहरा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश, विसर्जन घाटों...

दुर्गापूजा और दशहरा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश, विसर्जन घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर


◆ डीएम और एसएसपी ने त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा कर परखी व्यवस्थाएं


◆ प्रतिमा स्थापना के लिए पूर्व निर्धारित स्थल ही होंगे मान्य, नई परंपरा शुरू करने पर रोक


◆ पूजा पंडालों में सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर निगरानी के निर्देश


अयोध्या। दुर्गापूजा, दशहरा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के साथ सरयू घाट स्थित निर्मली कुंड मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।


विसर्जन स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग होंगे दुरुस्त


निर्मली कुंड के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत समय से पूरी करा ली जाए। वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित ढंग से कराने और घाट पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विसर्जन के दौरान जल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती और अन्य आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।


पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही स्थापित होंगी प्रतिमाएं


कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान प्रतिमाओं की स्थापना पूर्व से निर्धारित और चिन्हित स्थलों पर ही की जाए। किसी नई परंपरा की शुरुआत न हो। प्रतिमा स्थापना को लेकर कहीं भूमि विवाद या अन्य समस्या सामने आती है तो संबंधित अधिकारी समय रहते उसका समाधान कराएं। पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने विसर्जन घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। दूसरे जिलों में ले जाकर विसर्जित की जाने वाली प्रतिमाओं की संख्या और विसर्जन स्थलों के संबंध में संबंधित जिलों के साथ समन्वय बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। दशहरा पर रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।


डीजे की आवाज और सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी


जिलाधिकारी ने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने को कहा। अश्लील गीत-संगीत के प्रयोग पर रोक सुनिश्चित करने के लिए डीजे संचालकों और कार्यक्रम आयोजकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश देने को कहा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्तर पर संबंधित अधिकारियों और आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने पर भी जोर दिया।

बैठक में नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त नागेंद्र, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments