Tuesday, October 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरनीलगाय से टकराई बाइक, बुजुर्ग की मौत

नीलगाय से टकराई बाइक, बुजुर्ग की मौत


जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर-मालीपुर मार्ग पर शिव मंदिर के सामने मंगलवार को अचानक बाइक के सामने नीलगाय आ जाने से बाइक पर पीछे बैठे 75 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक को मामूली चोटें आईं।

बताया जाता है कि छाछू मोहल्ला निवासी अकरम जैनापुर में अपने संबंधी के घर जा रहे थे। शिवाजी तिराहे पर उनकी मुलाकात राम लखन से हुई। अकरम ने उन्हें बाइक पर बैठा लिया। दोनों जलालपुर-मालीपुर मार्ग स्थित शिव मंदिर के सामने पहुंचे थे, तभी अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। बाइक उससे टकरा गई। हादसे में पीछे बैठे राम लखन गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राम लखन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राम लखन पूर्व विधायक शेर बहादुर सिंह के साथ राजनीति में सक्रिय रहे थे। उम्र बढ़ने के साथ उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली थी और घर पर रहकर खेती-बाड़ी देखते थे। उनके तीन पुत्र हैं। बड़े पुत्र शैलेंद्र कुमार एक डिग्री कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं, जबकि प्रवीण और प्रदीप घर पर रहते हैं। कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments