Monday, October 5, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासपा ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर किया प्रदर्शन

सपा ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर किया प्रदर्शन


◆ गांधी पार्क से कचहरी तक निकाला पैदल मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग


अयोध्या। मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में समाजवादी पार्टी ने सोमवार को अयोध्या में प्रदर्शन किया। गांधी पार्क से सपा कार्यकर्ताओं ने कचहरी तक पैदल मार्च निकाला। सांसद अवधेश प्रसाद ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। सपा नेताओं ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बनाए रखने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। मार्च के बाद कलेक्ट्रेट गेट पर सपा कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम हटाए जाने और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने अथवा उनके इस्तीफे की मांग की।

पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन पांडे’ ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। किसी पात्र नागरिक का नाम सूची से हटने पर उसके मतदान के अधिकार पर असर पड़ता है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की।

पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का मत समान रूप से महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी ‘रुश्दी मियां’ ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग को उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय ने कहा कि मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र की पहली शर्त है। सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने बताया कि पार्टी ने सात दिवसीय ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ शुरू किया है। इसके तहत कार्यकर्ता गांव और बूथ स्तर पर मतदाता सूची की स्थिति की जानकारी लेंगे।

महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से समाधान होना चाहिए। इस दौरान अजीत प्रसाद, हाजी फिरोज खान गब्बर, लौटन राम निषाद, राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, बख्तियार खान, हामिद जाफर मीशम, शावेज जाफरी एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments