अयोध्या। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद शनिवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मत्स्य विभाग की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि निषाद पार्टी भाजपा के साथ ही चुनाव लड़ेगी।
संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी और भाजपा का गठबंधन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से निषाद समाज के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारों ने समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।
आरक्षण के मुद्दे पर बोले मंत्री
निषाद समाज के आरक्षण से जुड़े सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि इस मुद्दे का समाधान मोदी और योगी सरकार ही कर सकती है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, निषादराज की प्रतिमा की स्थापना और महिलाओं को आरक्षण दिए जाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि भगवान राम और निषादराज की मित्रता के कारण अयोध्या से निषाद समाज का विशेष जुड़ाव है। अयोध्या आने पर समाज के लोगों को विशेष आत्मीयता का अनुभव होता है।
हारी हुई सीटों पर मांगा मौका
2027 के चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी उन सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर चाहती है, जहां पार्टी पहले चुनाव हार चुकी है। उनका कहना था कि इससे संगठन को इन क्षेत्रों में मजबूत करने का अवसर मिलेगा। निषाद पार्टी की ओर से पहले भी भाजपा से हारी हुई सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग सामने आ चुकी है।
निषाद छात्रावास के मामले में सीएम से मिलेंगे
अयोध्या में निषाद छात्रावास से जुड़े विवाद के सवाल पर मंत्री ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर प्रकरण का न्यायपूर्ण समाधान कराने का प्रयास करेंगे।