जलालपुर, अंबेडकर नगर। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के भस्मा तथा महमदपुर गांव में जलालपुर पुलिस टीम की ओर से बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में गांव की महिलाओं, बहुओं, बालिकाओं, छात्राओं के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, साइबर अपराध से बचाव तथा घरेलू हिंसा सहित अन्य मामलों में उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी। महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी समस्या को लेकर वह बिना संकोच पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना रहा।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक नेहा सिद्धार्थ, महिला कांस्टेबल डाली मिश्रा तथा रेखा यादव सहित पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं और आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
इसी क्रम में मालीपुर और जैतपुर थाना क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में भी पुलिस टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।