Sunday, September 27, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यालगातार बारिश और तेज हवाओं का कहर, पेड़ गिरने से किशोर की...

लगातार बारिश और तेज हवाओं का कहर, पेड़ गिरने से किशोर की मौत


◆ प्रयागराज हाईवे पर कार के ऊपर गिरा विशाल बरगद, दूसरा किशोर गंभीर घायल; कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित


अयोध्या। जिले में गुरूवार शाम से शुरू हुई लगातार बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को खराब मौसम के बीच थाना पूराकलंदर क्षेत्र के मसौधा बाजार में प्रयागराज हाईवे पर विशाल बरगद का पेड़ अचानक कार के ऊपर गिर गया। हादसे में कार सवार एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक की पहचान आकाश वर्मा के रूप में हुई है। दोनों किशोर पूराकलंदर थाना क्षेत्र के शिवदासपुर शुक्ल का पुरवा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार घायल किशोर के बड़े भाई पंकज शुक्ला कार से मसौधा बाजार सामान खरीदने पहुंचे थे। दोनों किशोर भी उनके साथ थे। पंकज कार से उतरकर बाजार में सामान लेने चले गए। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच सड़क किनारे खड़ा विशाल बरगद कार के ऊपर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। पंकज के कार से बाहर होने के कारण वह बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे दोनों किशोरों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


तेज रफ्तार हवा से कई स्थानों पर गिरे पेड, टूटी डालियां



गुरूवार शाम से अचानक बदले मौसम के बाद जिले में तेज बारिश के साथ हवाएं चलीं। हवा की रफ्तार करीब 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की बात सामने आई है। इसके चलते कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के तार गिर गए। रुदौली, सोहावल, अमानीगंज, मिल्कीपुर, गोसाईगंज, बीकापुर और तारुन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना है। शहरी क्षेत्र में फतेहगंज, चौक, वैदेही नगर, रेतिया सहित अन्य इलाकों में आपूर्ति बाधित रही। बारिश का असर रामपथ, राम मंदिर क्षेत्र, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू क्षेत्र में भी दिखाई दिया। तेज हवा और बारिश के कारण खुले क्षेत्रों में लोगों को परेशानी हुई और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।


खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान


तेज हवा और बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में खड़ी फसलें भी प्रभावित हुई हैं। कई जगह फसलें जमीन पर गिर गई हैं। किसानों को आशंका है कि मौसम का सिलसिला जारी रहा तो नुकसान बढ़ सकता है। किसान राजेश यादव ने बताया कि अभी बरसात के कारण धान की फसल गिर गई है। एक दो दिन ऐसा ही रहा तो अधिक नुक्सान हो जाएगा।

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। 27 सितंबर को भी बारिश और आंधी का असर बने रहने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पेड़ों के नीचे वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments