अयोध्या। अशोक सिंघल फाउंडेशन की ओर से राम वन गमन से जुड़े प्रमुख स्थलों पर स्थापित किए जा रहे श्रीराम स्तंभों में से आठ का अनावरण 27 सितंबर को किया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद इस वर्ष अशोक सिंघल की जन्मशताब्दी वर्ष मना रहा है। इसी क्रम में अयोध्या और आसपास के पौराणिक स्थलों पर अनावरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर ली गई है। आयोजन के लिए स्थानीय लोगों की समितियां गठित की गई हैं, जो संबंधित स्थलों पर अनावरण कार्यक्रम की व्यवस्था संभालेंगी। जिन स्थानों पर स्तंभ स्थापित किए गए हैं, उनमें हनुमान-भरत मिलाप मंदिर भरतकुंड, जटाकुंड, श्रृंगी ऋषि आश्रम, तमसा तट, टाहडीह तमसा, सीताकुंड तारुन, सूर्यकुंड रामपुर भगन, खवरजा धाम, दशरथ समाधि स्थल और दशरथ महल अयोध्या शामिल हैं।
विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री धीरेश्वर वर्मा ने बताया कि अनावरण कार्यक्रमों के लिए स्थानीय स्तर पर समितियां बनाई गई हैं। यहां कुल 11 स्तम्भ स्थापित किए जाने हैं। मौसम को देखते हुए कल 8 स्तंभों के अनावरण करने की योजना है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में तैयार किए गए पत्थर के स्तंभ अयोध्या पहुंच चुके हैं और उन्हें चिह्नित स्थलों पर स्थापित किया जा रहा है। इन स्तंभों के माध्यम से भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़े प्रमुख स्थलों को चिह्नित करने के साथ उनकी पौराणिक एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।