जलालपुर अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के मथुरा रसूलपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत बिगड़ने पर उसे नगपुर सीएचसी से जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज सदरपुर रेफर किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गांव निवासी रूबी तिवारी पत्नी प्रदीप कुमार तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 20 सितंबर की शाम पुलिस उनके पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच कर वापस लौटी थी। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद रामसनेही यादव, उनकी पत्नी सुषमा, पुत्र कृष्णा, पुत्रियां नीलू व शालू तथा मो. जलालुद्दीन के परिवार के लोगों ने उनके पति प्रदीप कुमार पर एकजुट होकर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से प्रदीप के सिर व हाथ पर वार किए। गंभीर चोट लगने से उनकी नाक से खून निकलने लगा और खून की उल्टी होने के बाद वह अचेत होकर गिर पड़े। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से हटे। तहरीर के मुताबिक, रूबी के मौके पर पहुंचने पर आरोपी दोबारा लौट आए और उन्हें भी धमकी दी। ग्रामीणों के बीच-बचाव से मामला शांत हुआ।
इसके बाद रूबी अपने घायल पति को बाइक से नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गईं। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया, जहां से मेडिकल कॉलेज सदरपुर भेज दिया गया। उपचार के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार बताया गया है।
कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।