◆ एक जनपद एक व्यंजन के तहत लगेगा स्टॉल, चिकनकारी और बैटरी निर्माण से जुड़े उत्पाद भी वैश्विक मंच पर होंगे प्रदर्शित
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या का पारंपरिक स्वाद और स्थानीय उद्यमियों के उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय व्यापारियों के सामने अपनी पहचान बनाएंगे। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में अयोध्या के कुल्हड़ वाली दही-जलेबी और खुरचन पेड़ा के साथ चिकनकारी तथा बैटरी निर्माण से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से चयनित उद्यमी एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओपी) के तहत अयोध्या के पारंपरिक व्यंजनों को मेले में प्रस्तुत करेंगे। छोटी देवकाली निवासी दीप नारायण मौर्या लाइव किचन में कुल्हड़ वाली दही-जलेबी तैयार करेंगे। वहीं पम्मी मौर्या फूड पैकेजिंग के तहत खुरचन पेड़ा प्रदर्शित करेंगी।
एमएसएमई श्रेणी में रामनगर धौरहरा की पूनम सिंह चिकनकारी के उत्पाद लेकर मेले में हिस्सा लेंगी। वहीं मुमताजनगर निवासी सूरजकांत बैटरी निर्माण से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। इस तरह अयोध्या के पारंपरिक स्वाद के साथ हस्तशिल्प और औद्योगिक उद्यमिता की तस्वीर भी व्यापार मेले में देखने को मिलेगी।
दही–जलेबी और खुरचन पेड़ा अयोध्या की पहचान
कुल्हड़ वाली दही-जलेबी और खुरचन पेड़ा अयोध्या के पारंपरिक खानपान की पहचान माने जाते हैं। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के जरिए इन स्थानीय उत्पादों को दूसरे राज्यों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़े व्यापारियों और खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। वहीं चिकनकारी जैसे हस्तशिल्प उत्पाद स्थानीय कारीगरों की परंपरागत कला को प्रदर्शित करेंगे।
उपायुक्त उद्योग जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, अयोध्या प्रभात रंजन शुक्ला ने बताया कि ट्रेड शो में अयोध्या का स्टॉल विशेष रूप से सजाया जाएगा। यहां आगंतुकों को रामनगरी के पारंपरिक स्वाद के साथ स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों की जानकारी भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय उद्यमियों को नए बाजार और व्यावसायिक साझेदारी के अवसर मिलते हैं।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में अयोध्या की भागीदारी से स्थानीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और एमएसएमई उत्पादों को व्यापक बाजार मिलने की उम्मीद है। कुल्हड़ वाली दही-जलेबी से लेकर खुरचन पेड़ा और चिकनकारी तक, रामनगरी के स्थानीय उत्पाद ग्रेटर नोएडा के इस व्यापारिक मंच पर अपनी अलग पहचान प्रस्तुत करेंगे।