◆ शास्त्री नगर के जुहैब ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में हासिल की बड़ी सफलता, जिले का बढ़ाया गौरव
अम्बेडकर नगर। जिला मुख्यालय के शास्त्री नगर मोहल्ले के रहने वाले जुहैब खान ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित किरोड़ीमल कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज कर जिले का नाम रोशन किया है। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे जुहैब ने तीन प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में सर्वाधिक 978 वोट हासिल कर जीत अपने नाम की।
चुनाव परिणाम में जुहैब खान को 978 वोट मिले, जबकि दूसरे प्रत्याशी को 710 और तीसरे प्रत्याशी को 191 वोट प्राप्त हुए। इस तरह जुहैब ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 268 वोटों के अंतर से पीछे छोड़ते हुए उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
जुहैब खान की इस सफलता को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने किसी संगठन के प्रत्याशी के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और विद्यार्थियों के बीच अपनी मजबूत पकड़ के दम पर जीत हासिल की।
जुहैब ने पिछले वर्ष जिला मुख्यालय स्थित सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज में प्रवेश लिया। पढ़ाई के साथ छात्र गतिविधियों में सक्रिय जुहैब ने कम समय में ही कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच अपनी पहचान बनाई और अब उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल कर नई उपलब्धि दर्ज की है।
जुहैब की जीत की खबर मिलते ही शास्त्री नगर स्थित उनके परिवार और परिचितों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।