अम्बेडकर नगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल में हुए नीतिगत सुधार, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के साथ ही केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से जनजीवन में आए बदलाव की जानकारी दी जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से महीनेभर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगा। श्रवण धाम में दीप प्रज्ज्वलन का मुख्य कार्यक्रम होगा। इसके साथ जिले के नदी घाटों, प्रमुख मंदिरों, पार्कों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवार भी दीपोत्सव में भाग लेंगे। जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।
मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम के तहत विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। नमो सेवा-अनकही कहानियां के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव और शहरों तक पहुंचाई जाएगी।
25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और लाभार्थियों का सम्मान किया जाएगा।
डिजिटल माध्यमों से पहुंचाई जाएगी विकास की कहानी
‘सेवा की कहानी’ के तहत विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियों को रील और अन्य डिजिटल माध्यमों से प्रसारित किया जाएगा। डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स और व्लॉगर्स के माध्यम से प्रमुख विकास परियोजनाओं एवं परिवर्तनकारी कार्यों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
सात अक्टूबर को सेवा ज्योति के साथ पैदल, साइकिल और बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी। इसमें विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी होगा।
सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत नागरिकों को रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा सहयोग, जल संरक्षण, नशामुक्ति और दिव्यांगजन सहयोग जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक विकासखंड में बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाकर पात्र नागरिकों को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
अभियान के अंतिम दिन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रम होंगे और ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प के साथ अभियान का समापन किया जाएगा।