जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के देवसरा गांव में विवादित भूमि पर निजी कंपनी का मोबाइल टावर लगाए जाने का मामला सामने आया है। भूमि के एक हिस्सेदार सुनील कुमार पुत्र स्व. शिवपूजन दूबे ने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर टावर का निर्माण तत्काल रुकवाने और विपक्षियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक गांव में गाटा संख्या 274 की भूमि में कई हिस्सेदार हैं और अभी तक सरकारी स्तर पर मौके पर बंटवारा नहीं हुआ है। भूमि के बंटवारे को लेकर उन्होंने सिविल जज की अदालत में सुनील कुमार बनाम राम कीरत आदि के नाम से मूलवाद दाखिल कर रखा है। मामले में अगली सुनवाई 18 सितंबर को प्रस्तावित है।
आरोप है कि इसी विवादित भूमि में बनारसी यादव और राम कीरत यादव पुत्रगण साहबदीन द्वारा एक निजी कंपनी का मोबाइल टावर लगवाया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने निर्माण का विरोध करते हुए विपक्षियों को कई बार रोका, लेकिन इसके बावजूद काम जारी रखा गया। आरोप है कि विरोध करने पर उसे धमकी भी दी गई।
सुनील कुमार के अनुसार उन्होंने इस संबंध में उपजिलाधिकारी जलालपुर और मालीपुर थानाध्यक्ष को भी प्रार्थनापत्र दिया था। शिकायत के बाद मौके पर पहुंचकर विवादित भूमि पर टावर नहीं लगाने की हिदायत दी गई, लेकिन अधिकारियों के लौटने के बाद फिर से निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई। आरोप है कि टावर लगाने के लिए जमीन में जगह-जगह गड्ढे भी खोद दिए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि विवादित भूमि पर निर्माण कार्य जारी रहने से दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ सकता है और मौके पर शांति भंग अथवा अप्रिय घटना हो सकती है। उसने जिलाधिकारी से मामले का निस्तारण होने तक विवादित भूमि पर टावर निर्माण रोकने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।