अयोध्या। शहर के देवकाली स्थित डॉ. बृजकिशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में बीएचएमएस इंटर्न छात्र-छात्राओं ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। छात्रों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह महज 7,500 रुपये स्टाइपेंड दिया जा रहा है। महंगाई और अस्पताल में ड्यूटी के लंबे घंटों को देखते हुए यह राशि पर्याप्त नहीं है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने स्टाइपेंड बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि वे भी अस्पताल में मरीजों की सेवा और चिकित्सा कार्य में नियमित रूप से योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उन्हें अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों के इंटर्न के समान सम्मानजनक स्टाइपेंड मिलना चाहिए। छात्रों के आंदोलन को प्रदेश के अन्य आयुष कॉलेजों के विद्यार्थियों का भी समर्थन मिलने का दावा किया गया है।
छात्रों ने कहा कि जब तक शासन की ओर से स्टाइपेंड बढ़ाने का लिखित आदेश नहीं मिलता, तब तक धरना जारी रहेगा। मांग पूरी नहीं होने पर ओपीडी और आईपीडी सेवाओं के पूर्ण बहिष्कार की चेतावनी भी दी गई है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने कहा कि कॉलेज में प्रवेश आयुष नीट काउंसलिंग के माध्यम से होता है। छात्रों का ज्ञापन वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है। आयुष निदेशक से भी छात्रों की फोन पर वार्ता कराई गई है। निदेशक ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि, छात्र लिखित आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।