Wednesday, September 9, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याहादसा: सरयू की सोती में नाना और मासूम नाती डूबे, तलाश जारी

हादसा: सरयू की सोती में नाना और मासूम नाती डूबे, तलाश जारी


अयोध्या। कोतवाली रुदौली क्षेत्र के ग्राम परसैया में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के सामने सरयू नदी की सोती में भैंस नहलाने गए 60 वर्षीय नाना और उनका मासूम नाती गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परसैया निवासी 60 वर्षीय जगराम अपने नाती शिवा के साथ गांव के सामने स्थित सरयू नदी की सोती में भैंस नहलाने गए थे। इसी दौरान शिवा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। नाती को डूबता देख जगराम उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। बताया जा रहा है कि पानी की गहराई अधिक होने और बहाव के कारण दोनों पानी में लापता हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीएम रुदौली और क्षेत्राधिकारी रुदौली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रशासन के निर्देश पर स्थानीय गोताखोरों और रेस्क्यू टीम को नदी की सोती में उतारा गया। दोनों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घटना को लेकर पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल दोनों की तलाश जारी है।

(सोती – नदी की छोटी जलधारा)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments