अयोध्या। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राम मंदिर पर सवाल उठाने से पहले विपक्ष को बाबरी मस्जिद के नाम पर जुटाए गए चंदे का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने के लिए राजनीतिक ड्रामा कर रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि विपक्ष को पहले अपने पुराने मामलों और बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का हिसाब देना चाहिए, उसके बाद राम मंदिर पर टिप्पणी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ समझ रही है और राजनीतिक नौटंकी से भ्रमित होने वाली नहीं है।
उपमुख्यमंत्री महोली गांव में पूर्व सिंचाई मंत्री एवं किसान नेता स्वर्गीय मुन्ना सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय मुन्ना सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और किसानों के हित में उनके योगदान को याद किया।
आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को खाद, सिंचाई और बुआई के लिए साहूकारों से कर्ज लेना पड़ता था और फसल तैयार होने पर साहूकार ही खलिहान से उनकी उपज उठा लेता था। किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने किसानों को आर्थिक मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि सरकार आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।