◆ मां की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपितों पर बंधक बनाने और धमकी देने का आरोप
जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोर को खेलने के बहाने घर बुलाकर बंधक बनाने और मारपीट करने का आरोप सामने आया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि मारपीट में किशोर का हाथ टूट गया। मामले में पीड़ित की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मगुराडीला डड़वा गांव निवासी मनसोली देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे गांव के कुछ लोग उनके नाबालिग पुत्र विशु को खेलने के बहाने अपने साथ ले गए। आरोप है कि उसे एक घर में ले जाकर कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
परिजनों के अनुसार मारपीट में किशोर का हाथ टूट गया। किसी तरह वह आरोपितों के चंगुल से निकलकर घर पहुंचा और घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि इससे पहले भी आरोपित कई बार विशु के साथ मारपीट कर चुके हैं। इस बार धारदार हथियार से हमला करने का भी प्रयास किया गया, हालांकि किशोर वहां से निकलने में सफल रहा। घटना के बाद से परिवार भय के माहौल में है और आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के साथ सुरक्षा की मांग कर रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।