अंबेडकरनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत राजकीय हाई स्कूल जहांगीरगंज में शनिवार को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस टीम और विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में थाना जहांगीरगंज से पहुंचे उपनिरीक्षक दया शंकर मिश्र, कांस्टेबल काशीनाथ यादव तथा महिला कांस्टेबल वर्षा और ज्योति ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 101 (अग्निशमन सेवा), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश लाल श्रीवास्तव ने शिक्षकों मुकेश कुमार, राम जतन वर्मा, प्रदीप कुमार एवं शिक्षिका मयंक राय के साथ मिलकर 108 एम्बुलेंस सेवा, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस सेवा तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे इन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी स्वयं रखें और जरूरत पड़ने पर दूसरों की भी सहायता करें। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।