अंबेडकर नगर। थाना क्षेत्र के धनुकारा गांव में सोमवार को खेत की मेड़ की छंटाई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि भतीजों ने अपने चाचा पर फावड़े से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी रामनगर भेजा गया है।
धनुकारा निवासी श्याम सेवक यादव पुत्र स्व. राम अचल यादव के अनुसार वह सोमवार को अपना खेत देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके भाई रामचंद्र यादव के पुत्र अरुण यादव और कृष्णा यादव खेत की मेड़ की छंटाई कर रहे थे। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
पीड़ित का आरोप है कि अरुण यादव, कृष्णा यादव, उनकी मां संगीता देवी और बहन खुशबू यादव ने उन्हें खेत में घसीटकर लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद अरुण और कृष्णा ने फावड़े से उनके हाथ पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खेत में ही गिर पड़े।
घायल श्याम सेवक यादव ने आलापुर थाने पहुंचकर संगीता देवी, अरुण यादव, कृष्णा यादव और खुशबू यादव के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें चिकित्सीय परीक्षण और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।