अयोध्या। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने जनपद भर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। जिले के विभिन्न मंडलों, शक्ति केंद्रों और बूथों पर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के कुचेरा, बीकापुर ब्लॉक मुख्यालय तथा तारुन में फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर अभियान में सहभागिता की। इसी क्रम में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने रुदौली स्थित राम जानकी परिसर, बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान ने हाजीपुर, मिल्कीपुर विधायक चंद्रभान पासवान ने बामदेव आश्रम, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने चौरे बैतीकला, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह ‘टिल्लू’ ने नंदीग्राम स्थित भारत हनुमान मिलन मंदिर परिसर में पौधरोपण किया। मवई ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी, अमानीगंज में पवन सिंह तथा हैदरगंज में राम मोहन भारती ने भी पौधे लगाए।
जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है। वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
अभियान के जिला संयोजक शिवम सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नीम, पीपल, बरगद, आंवला और जामुन जैसे पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने भी सहभागिता की। मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा ने बताया कि जनपद के सभी बूथों पर अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।