अयोध्या। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने कोलकाता स्थित एक कथित कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाराजगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव निवासी पुष्कर वर्मा ने आरोप लगाया है कि एक कंपनी ने उन्हें न्यूजीलैंड में इलेक्ट्रीशियन के पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके लिए कंपनी ने पहले वीजा प्रक्रिया के नाम पर 30 हजार रुपये जमा कराए। बाद में दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर विभिन्न चरणों में कुल करीब ढाई लाख रुपये वसूल लिए गए।
पीड़ित के अनुसार कंपनी ने अपनी वेबसाइट के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई और 90 दिन में वीजा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। इस दौरान उसे न्यूजीलैंड की एक निर्माण कंपनी का कथित नियुक्ति पत्र और एग्रीमेंट भी ईमेल के जरिए भेजा गया। ऑनलाइन साक्षात्कार भी कराया गया, जिससे उसे कंपनी पर भरोसा हो गया।
पुष्कर वर्मा का कहना है कि निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद जब उन्होंने वीजा और नौकरी के संबंध में जानकारी मांगी तो कंपनी ने स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने मामले की शिकायत कोतवाली नगर पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
पीड़ित ने यह भी बताया कि उसके अलावा गोसाईगंज और आसपास के क्षेत्रों के कई अन्य लोगों ने भी उसी कंपनी के माध्यम से विदेश में नौकरी के लिए आवेदन किया था। कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।