अयोध्या। ज्येष्ठ माह के तृतीय बड़े मंगलवार पर अयोध्या नगरी पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रही। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा भंडारे, शरबत वितरण और सेवा शिविरों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह की संस्था श्री अयोध्या न्यास द्वारा मिल्कीपुर स्थित सिद्धनाथन हनुमान मंदिर तथा मयाबाजार के रामलीला मैदान में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन कर भंडारे का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बड़े मंगल सेवा, समर्पण और लोककल्याण का पर्व है तथा भगवान हनुमान के आदर्श समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं।
वहीं रामलीला मैदान स्थित अश्वनीपुरम् कॉलोनी में भाजपा महानगर अध्यक्ष की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने किया। इससे पूर्व हनुमान मंदिर में सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। डॉ. अनिल मिश्र ने कहा कि बड़े मंगल भारतीय संस्कृति में सेवा और लोककल्याण की भावना का प्रतीक है, जबकि विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
इसी क्रम में सिविल लाइन स्थित पत्रकार चौराहे पर भव्य शरबत एवं आइसक्रीम वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार रुपेश श्रीवास्तव ने हनुमान जी महाराज के पूजन-अर्चन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा शिविर में हजारों श्रद्धालुओं और राहगीरों को शीतल शरबत एवं आइसक्रीम वितरित की गई। कार्यक्रम में महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, भाजपा नेता अमल गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता तथा महंत राजूदास सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों ने सहभागिता निभाई।
दिनभर चले इन आयोजनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और जय श्रीराम व बजरंगबली के जयकारों से पूरी अयोध्या गुंजायमान रही।