अम्बेडकरनगर। जनपद में महापुरुषों की मूर्तियों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को डॉ. बी.आर. अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत नियमानुसार प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विक्रम कौशल ने बताया कि योजना का उद्देश्य समाज सुधारकों, महापुरुषों और सामाजिक न्याय के प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों की मूर्तियों का संरक्षण एवं विकास करना है। इसके तहत मूर्ति स्थलों पर सुरक्षात्मक छत्र, बाउंड्रीवाल, रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पाथवे और सूचना पट्ट लगाए जाएंगे। साथ ही हरियाली विकसित कर स्थलों को आकर्षक बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जीर्ण-शीर्ण मूर्तियों के स्थान पर आवश्यकता अनुसार नई संगमरमर की मूर्तियां भी स्थापित कराई जा सकेंगी। ऊर्जा दक्ष एवं सौर ऊर्जा आधारित लाइटिंग को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक स्थल पर संबंधित महापुरुष के जीवन और योगदान की जानकारी भी प्रदर्शित होगी।
प्रथम चरण में जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 मूर्तियों का चयन किया जाएगा। एक स्थल के विकास पर अधिकतम 10 लाख रुपये खर्च किए जा सकेंगे। बैठक में जिला विकास अधिकारी आलोक दत्त उपाध्याय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।