जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर में अकेली किशोरी से जबरन छेड़खानी करने तथा विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़िता के अनुसार गांव में 14 मई की रात शादी समारोह आयोजित था, जिसमें परिवार के सभी सदस्य शामिल होने गए थे। वह घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी अमन पुत्र राजेंद्र तथा बृजेश पुत्र प्रदीप घर में घुस आए और उसके साथ जबरन छेड़खानी करने लगे। विरोध करने और शोर मचाने पर दोनों आरोपी धमकी देने लगे।
किशोरी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर शादी समारोह में पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे तो वहां विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने किशोरी, उसके चाचा समेत अन्य परिजनों के साथ मारपीट की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता और उसके परिजनों ने जलालपुर कोतवाली में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।