जलालपुर अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार शिवपाल गांव निवासी राजा राम 50 वर्ष 17 अप्रैल को अम्बरपुर बाजार से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। गोरखपुर एक्सप्रेसवे पर स्थित शिवपाल अंडरपास पार करते समय तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया। बाद में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार सुबह 24 अप्रैल को उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष थीरेंद्र आजाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधेड़ की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।