जलालपुर,अम्बेडकर नगर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री अमरनाथ सिंह ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री को पत्र भेजकर विकासखंड जलालपुर परिसर में ही कृषि कल्याण केंद्र भवन का निर्माण कराए जाने की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप विकासखंड स्तर पर कृषि कल्याण केंद्र भवन का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। यह निर्माण कार्य जलालपुर विकासखंड में होना है। किंतु सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विकासखंड अधिकारी द्वारा उक्त भवन को विकासखंड मुख्यालय परिसर से हटाकर अन्य स्थान, पटौहा गानेपुर गांव में बनवाने की तैयारी की जा रही है।
अमरनाथ सिंह ने कहा कि कृषि कल्याण केंद्र का निर्माण विकासखंड मुख्यालय परिसर में ही कराया जाना जनहित में आवश्यक है, जिससे किसानों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सुविधाएं सुलभ हो सकें। उन्होंने मंत्री से हस्तक्षेप कर विकासखंड परिसर में ही भवन निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाता है तो दूर-दराज से आने वाले किसानों को अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ेगा। कृषि से जुड़े कार्यों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए केंद्र का निर्माण विकासखंड मुख्यालय में ही कराया जाना चाहिए।