अम्बेडकर नगर। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आगामी शनिवार को वृहद रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। यह मेला कटेहरी स्थित देव इन्द्रावती पी.जी. कॉलेज परिसर में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित होगा।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि मेले में 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और पांच हजार से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, बीबीए, बीसीए, बीटेक, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, एमबीए, एमसीए तथा कंप्यूटर दक्ष अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न पदों पर चयन की प्रक्रिया होगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार मेले में मेले में होंडा, टाटा मोटर्स, न्यू हॉलैंड, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, स्विगी, क्वेस कॉर्प और एमआरएफ समेत अन्य नामी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रहेगी और अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर पूर्व पंजीकरण कर सकते हैं। साथ ही मेले स्थल पर भी निःशुल्क पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाएं।