बसखारी अंबेडकर नगर। अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आए मोटरसाइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना बुधवार की दोपहर बसखारी थाना क्षेत्र के एन एच 233 पर स्थित कटया पहलवान मोड़ के निकट उस समय की बताई जा रही है। जब न्योरी की तरफ से जा रहा बाइक चालक की सामने से आ रही चार पहिया वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में युवक को बसखारी सीएससी पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बलिया जनपद के रसड़ा थाना अंतर्गत सराम भारती निवासी सिराज अहमद (23) पुत्र नूर अहमद के रूप में हुई है।जो बुधवार को अपनी मोटरसाइकिल यूपी 41एक्स 9039 से बाराबंकी जा रहा था। सिराज एन एच 233 पर कटया पहलवान मोड़ के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रही अज्ञात चार पहिया वाहन ने सिराज की मोटरसाइकिल में सामने से टक्कर मार दिया। टक्कर मारने के बाद चार पहिया वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया जबकि सिराज मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर तड़पने लगा। तथा उसकी मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गयी। राहगीरों की सूचना पर उप निरीक्षक कमलेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये तथा आनन फानन में एंबुलेंस की मदद से सिराज को सीएचसी बसखारी पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने सिराज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्काल मृतक के पास से मिले आईडी कार्ड व मोबाइल से उसकी पहचान होने पर तत्काल उसके परिजनों को सूचना भेजी। देर रात तक परिजनों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर अन्य कार्रवाई की जाएगी।