◆ अयोध्या से प्रयागराज तक ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा निकालेंगे आप नेता
अयोध्या। दिल्ली में लाल किले के पास हुए आतंकी हमले पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि “जब लाल किले के पास धमाका हुआ, तब प्रधानमंत्री भूटान में समारोह में व्यस्त थे। यह संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। देश को पार्ट टाइम प्रधानमंत्री और पार्ट टाइम गृह मंत्री नहीं, एक जिम्मेदार सरकार चाहिए।”
संजय सिंह ने प्रधानमंत्री से अपील की कि वे अपनी विदेश यात्रा रद्द कर देश की सुरक्षा पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि राजधानी के ऐतिहासिक स्थल के पास धमाका होना सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी नाकामी है और यह साफ दिखाता है कि देश सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में आतंकी हमले में घायल लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, जबकि नौ लोगों की जान जा चुकी है। संजय सिंह ने कहा कि “सरकार को शोक संवेदना से आगे बढ़कर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि दोषियों को ऐसी सजा मिले जिसे देश याद रखे।”
बुधवार को निकलेगी रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो पद यात्रा
संजय सिंह ने यह भी कहा कि देश के अंदरूनी हालात चिंताजनक हैं — बेरोजगारी, किसान संकट और सामाजिक अन्याय चरम पर है। इन्हीं मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी 12 नवम्बर से अयोध्या से प्रयागराज तक “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा प्रारंभ कर रही है।
यह यात्रा सरयू से संगम तक लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। उन्होंने कहा कि “यह यात्रा बेरोजगारों, किसानों, मजदूरों और न्याय से वंचित लोगों की आवाज बनेगी। हम सरयू से संगम तक यह संकल्प लेकर चलेंगे — रोजगार भी चाहिए और सामाजिक न्याय भी।”
SIR योजना को बताया चुनावी घोटाला
प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) योजना को “बहुत बड़ा चुनावी घोटाला” बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में पहले ही लाखों वोट काटे जा चुके हैं और अब उत्तर प्रदेश में करीब दो करोड़ वोटरों को हटाने की साजिश चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों के वोटों को निशाना बनाया जा रहा है।
संजय सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा बेरोजगारों, किसानों, मजदूरों और सामाजिक न्याय की मांग करने वाले हर व्यक्ति की आवाज होगी। “हम सरयू से संगम तक संकल्प लेकर चलेंगे — रोजगार भी चाहिए और सामाजिक न्याय भी।”
प्रेस वार्ता में दिल्ली के विधायक अनिल झा, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, अवध प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल और अयोध्या जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति उपस्थित रहे।