Monday, August 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरइलाज के दौरान घायल युवक की मौत

इलाज के दौरान घायल युवक की मौत


जलालपुर अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के रफीगंज निवासी 28 वर्षीय संजय गुप्ता की एक सड़क हादसे में मौत ने पूरे इलाके को शोक में डूबो दिया है। बीते शुक्रवार को मालीपुर चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में संजय गुप्ता व उनकी पत्नी पूजा गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां संजय की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। कई दिनों तक चले इलाज के बाद बुधवार की देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं पत्नी पूजा गुप्ता का उपचार अब भी जलालपुर नगर स्थित एक निजी चिकित्सालय में चल रहा है।

संजय की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे रफीगंज क्षेत्र में मातम का माहौल छा गया। गुरुवार की सुबह जब शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक दो भाइयों में बड़ा था और डेढ़ वर्ष के पुत्र का पिता था। अब मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है।

मृतक का अंतिम संस्कार चहेड़ाघाट पर किया गया, जहां सैकड़ों ग्रामीणों ने नम आंखों से विदाई दी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, भाजपा नेता संजय सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, संतोष गुप्ता, रविचंद्र शिल्पी समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने परिजनों को सांत्वना दी और गहरी संवेदना व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसे में शामिल अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments