Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर संपूर्ण समाधान दिवस में 74 शिकायतें प्राप्त, सात का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में 74 शिकायतें प्राप्त, सात का मौके पर निस्तारण

0

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। शनिवार को जलालपुर तहसील सभागार में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 74 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के लिए भेजा गया। समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं।

तहसील दिवस के दौरान जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के करमिसिरपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार ने शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि विपक्षी राम सूरत व शशिकांत ने 29 दिसंबर की रात सामूहिक चक में लगे हर महुआ के पेड़ को काट दिया। उन्होंने बताया कि उक्त सामूहिक चक में सिंचाई के लिए ट्यूबवेल सहित आम, महुआ आदि के पेड़ मौजूद हैं। पीड़ित ने मामले की राजस्व विभाग से न्यायिक जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं वाजिदपुर निवासी एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया। महिला ने बताया कि उसका पुत्र रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब में रह रहा था। इसी दौरान मोहल्ले की एक महिला, जिसका पति भी सऊदी में था, उसके पुत्र को प्रेम जाल में फंसाकर जबरन शादी की नीयत से अपने पति व ससुराल को छोड़कर उनके घर में रहने लगी। आरोप है कि इससे नाराज होकर उक्त महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने विपक्षियों से मिलकर मोबाइल फोन के जरिए उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया और भद्दी-भद्दी गालियां दीं। पीड़िता के अनुसार इन धमकियों से आजिज आकर उसके पुत्र ने 29 दिसंबर 2025 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस मौके पर नायब तहसीलदार हरिराम, कोतवाल संतोष कुमार सिंह, मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य, सीडीपीओ शेषनाथ वर्मा, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार त्रिपाठी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version