◆ बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के वंदे मातरम लिखने के 150 वर्ष पूर्ण होने पर हुआ इसका आयोजन
अयोध्या। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा अयोध्या महानगर द्वारा शुक्रवार को नगर निगम के तिलक हाल में वंदेमातरम के सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 700 लोगों ने एक स्वर में वंदे मातरम का गायन कर देशभक्ति का संदेश दिया। इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्बोधन का लाइव प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह ने देखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह एवं विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री व अयोध्या महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह रहे। अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने किया। प्रस्तावना महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने दिया।कार्यक्रम के अंत में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
भाजपा प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा का उद्घोष है। जिसने आज़ादी के आंदोलन को दिशा दी और हर भारतीय के भीतर राष्ट्रभक्ति की ज्वाला प्रज्वलित की। क्षेत्रीय महामंत्री व महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि ‘आज जब हम वंदे मातरम् के 150 वर्ष मना रहे हैं, तब हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम भारत माता के गौरव को विश्व पटल पर और ऊँचा उठाएँगे। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि वंदे मातरम् हमारे राष्ट्र प्रेम की अमर ध्वनि है, जो हर भारतीय को एक सूत्र में बांधती है। यह गीत हमें स्मरण कराता है कि मातृभूमि की सेवा ही जीवन का सर्वोच्च धर्म है।’
महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि वंदे मातरम् हमारे राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। जब-जब यह गीत गूंजता है, देश की माटी, संस्कृति और मर्यादा की सुगंध हर दिल तक पहुँचती है। वंदेमातरम गीत के गायन में मौजूद महिला मोर्चा की सदस्यों में कार्यक्रम की संयोजिका अनीता सिंह, रचना श्रीवास्तव, आशा गौड़, प्रतिमा शुक्ला, नीलम जायसवाल, रीना द्विवेदी, बिदू सिंह, यमुनोत्री केसरवानी, मंजू गुप्ता, अनीता द्विवेदी, शशि वर्मा, पूजा रावत तथा अन्य पदाधिकारियों में अभिषेक मिश्रा, शक्ति सिंह, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, हर्षवर्धन सिंह, दिवाकर सिंह मौजूद रहे।