Monday, April 21, 2025
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यानव वर्ष में राम लला के दर्शन करने आने वालों से अयोध्या...

नव वर्ष में राम लला के दर्शन करने आने वालों से अयोध्या के होटलों के 70 प्रतिशत रूम बुक


◆ साल  के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या दर्शन की संभावना


अयोध्या। नव वर्ष 2025 में रामलला का आशीर्वाद लेने के लिए अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।  बड़ी ही तेजी से अयोध्या के होटलों में बुकिंग शुरू हो गई है। इसमें प्रदेश के ही नहीं बल्कि दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान व दक्षिण के लोग भी शामिल रहेंगे। लगभग 70 फीसदी कमरे बुक हो चुके हैं। 31 दिसम्बर से दो जनवरी तक के लिए बुकिंग अधिक हो रही है। यूं तो हिंदी नववर्ष चैत्र माह को माना जाता है, लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे भी श्रद्धालु हैं जो अंग्रेजी साल के पहले दिन धार्मिक स्थलों पर पहुंच माथा टेकते हैं। उनकी यह कामना रहती है कि साल के पहले दिन प्रभु के दर्शन मिल जाएं। वैष्णों देवी, खाटू श्याम, उज्जैन, काशी विश्वनाथ, मथुरा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच अपनी आस्था निवेदित करते हैं। इस बार रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हो चुके हैं। इसलिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है।


सुरक्षा व्यवस्था के भी होंगे पुख्ता इंतजाम


एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि नए वर्ष पर राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, लता चौक, गुप्तारघाट व सूर्यकुंड समेत अन्य पर्यटन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।


अस्थाई मंदिर में भी पहुंचते थे बड़ी संख्या में भक्त


22 जनवरी 2024 के पहले रामलला वर्षों तक तिरपाल में विराजमान रहे। इसके बाद उनका आस्थायी मंदिर बन गया। इसमें आने के बाद दर्शन की अवधि भी बढ़ गई। 2023 में भी अंग्रेजी नववर्ष पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया था। इस बार रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हो चुके हैं और अयोध्या विश्व के मानचित्र पर छा चुकी है। इसलिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

अयोध्या में श्रद्धालु व पर्यटकों की संख्या बढ़ते ही बड़ी संख्या में होटल व होम स्टे का संचालन हो रहा है। धर्मपथ स्थित होटल राम प्रस्थ के मालिक राम जी पाण्डेय ने बताया कि नए वर्ष को लेकर बुकिंग तेज हो गई है हमारे यहां होटल जनवरी व फरवरी माह में लगभग सारे रूम फुल हो चुके। अयोध्या हनुमानगढ़ी के निकट संचालित होटल न्यू श्री राम पैलेस के मालिक श्यामजी गुप्ता ने बताया कि अमूमन बुकिंग 31 दिसम्बर से दो जनवरी के बीच ही हो रही है। महाराष्ट्र, दिल्ली व दक्षिण भारत के लोगों ने भी रूम बुक कराया है। सुरक्षा कारणों से सभी की आईडी जमा कराई जाती है। सप्तसागर कालोनी स्थित हनुमतकृपा होम स्टे संचालक पुष्कर मिश्रा ने भी बताया कि उनके पास नए वर्ष के आस-पास के लिए कमरे बुक कराए जा रहे हैं।

Ayodhya Samachar

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments