Monday, October 5, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याशिक्षक निर्वाचन के लिए अयोध्या में 6 जोनल और 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट...

शिक्षक निर्वाचन के लिए अयोध्या में 6 जोनल और 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात


◆ 23 अक्टूबर को होगा गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान


अयोध्या। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जिले में छह जोनल और 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। मतदान 23 अक्टूबर को कराया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार तहसील सोहावल को जोन बनाते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। उनके साथ दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जिन्हें मतदेय स्थल 140 क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन सोहावल और 141 क्षेत्र पंचायत कार्यालय विकास खंड मसौधा की जिम्मेदारी दी गई है।

मिल्कीपुर तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। उनके साथ तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इनके जिम्मे मतदेय स्थल 142 क्षेत्र कार्यालय भवन मिल्कीपुर, 143 क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन अमानीगंज और 144 क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन हरिग्टनगंज रहेंगे।

बीकापुर तहसील में अपर जिलाधिकारी कर एवं वाणिज्य इन्द्राकान्त द्विवेदी को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। दो सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदेय स्थल 145 क्षेत्र कार्यालय भवन बीकापुर और 146 क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन तारुन की व्यवस्था संभालेंगे।

सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। उनके साथ चार सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इनके जिम्मे नगर निगम कार्यालय भवन फैजाबाद, मनोहर लाल मोती लाल इंटर कॉलेज रिकाबगंज, बापू बालिका इंटर कॉलेज फैजाबाद और नगर निगम कार्यालय भवन अयोध्या के मतदेय स्थल होंगे।

पूराबाजार ब्लॉक क्षेत्र में उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। दो सेक्टर मजिस्ट्रेट क्षेत्र कार्यालय भवन पूराबाजार और क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन मयाबाजार की व्यवस्था देखेंगे।

इसी तरह तहसील रुदौली में उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। दो सेक्टर मजिस्ट्रेट क्षेत्र कार्यालय भवन रुदौली और क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन मवई में तैनात रहेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को रिजर्व में भी रखा गया है। प्रशासन का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments