आठ साल में लगाए गए 204 करोड़ पौधे, 5 लाख एकड़ में हुआ वनाच्छादन : योगी आदित्यनाथ
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सीएम योगी ने धरती माता और जन्मदायिनी मां के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया। उन्होंने वैदिक उद्घोष ‘माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सच्चा पुत्र वही है जो अपनी मां की सेवा और रक्षा करता है। इस अभियान के तहत प्रदेशवासियों ने सुबह 7 बजे से ही उत्साह के साथ पौधरोपण शुरू किया। योगी ने कहा कि यह अभियान वर्तमान को संवारने और भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। पेड़ हमें प्रदूषण, सांस की बीमारियों और कार्बन उत्सर्जन के दुष्प्रभावों से बचाएंगे।
पौधरोपण अभियान ने न केवल पर्यावरण को लाभ पहुंचाया, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत किया है। सीएम योगी ने बताया कि कार्बन फाइनेंसिंग के माध्यम से किसानों को प्रति पेड़ 6 डॉलर पांच साल तक दिए जा रहे हैं। पिछले साल 25 हजार से अधिक किसानों को यह लाभ मिला और इस साल सात कमिश्नरियों के किसानों को 42 लाख रुपये कार्बन क्रेडिट के रूप में प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर उन किसानों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पौधरोपण और उनकी देखभाल में योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के विजन की सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान ने उत्तर प्रदेश को हरित भविष्य की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने चूल्हा हटाकर गैस सिलेंडर, एलईडी लाइट्स और सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध जैसे कदमों को धरती माता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। सीएम योगी ने कहा कि पिछले साल पीएम मोदी द्वारा श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद इस साल अयोध्या में पौधरोपण अभियान का शुभारंभ विशेष महत्व रखता है।