Sunday, August 2, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 1,630 मरीजों का हुआ उपचार, सीएमओ ने...

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 1,630 मरीजों का हुआ उपचार, सीएमओ ने स्वयं संभाली ओपीडी


अयोध्या। जनपद के 37 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1,630 मरीजों को चिकित्सीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही 48 बालिकाओं का एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण भी किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आरोग्य स्वास्थ्य मेले के बेहतर संचालन का जायजा लेने के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक राम प्रकाश पटेल के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरवत, चौरे बाजार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिकापुर का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे गंभीर एवं बुजुर्ग मरीजों का स्वयं उपचार कर ओपीडी की कमान संभाली। उन्होंने सभी जनपदीय नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान वे भी किसी एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों का उपचार कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने एम्बुलेंस सेवाओं का भी भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने एम्बुलेंस कर्मियों को निर्देशित किया कि आमजन को निःशुल्क आपातकालीन सेवाओं का समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा एम्बुलेंस में आवश्यक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता हमेशा बनी रहे।

स्वास्थ्य मेले में 64 चिकित्सकों और 176 पैरामेडिकल कर्मियों ने सेवाएं प्रदान कीं। उपचार पाने वालों में 692 पुरुष, 681 महिलाएं और 144 बच्चे शामिल रहे।

मेले के दौरान 62 आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाए गए, जबकि हेल्प डेस्क पर 159 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। 22 लोगों की आभा आईडी भी बनाई गई। विभिन्न बीमारियों के मरीजों में 186 बुखार, 77 सांस संबंधी, 216 पेट, 130 मधुमेह, 123 चर्म रोग, 18 नेत्र रोग, 60 उच्च रक्तचाप, 23 एनीमिया तथा 20 टीबी संदिग्ध मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। इसके अलावा 101 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई, दो कुपोषित बच्चों की पहचान की गई तथा पांच मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच, टीकाकरण और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments