Wednesday, August 12, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याअवध विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 1.66 लाख विद्यार्थियों को मिली उपाधि,...

अवध विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 1.66 लाख विद्यार्थियों को मिली उपाधि, 72 फीसदी पदक छात्राओं के नाम


अयोध्या डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय का 31वां दीक्षांत समारोह बुधवार को राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। समारोह में 1,66,055 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें करीब 60 प्रतिशत छात्राएं रहीं। 120 पदकों में छात्राओं ने 86 पदक हासिल किए, जो करीब 72 प्रतिशत है।

राज्यपाल ने उपाधि और पदक प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता, अभिभावकों और गुरुजनों के त्याग, परिश्रम एवं मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने तथा अपनी प्रतिभा एवं ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।



अयोध्या की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जहां से सत्य, सेवा, त्याग, करुणा, मर्यादा और लोककल्याण का संदेश मिला। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेने की अपील की।

राज्यपाल ने कहा कि एआई, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा और हरित ऊर्जा जैसी तकनीकें भविष्य की महत्वपूर्ण शक्तियां हैं। युवाओं को निरंतर सीखने, तकनीक अपनाने और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने स्टार्टअप, कौशल विकास और नवाचार के माध्यम से रोजगार सृजन पर भी जोर दिया।



समारोह में राज्यपाल की प्रेरणा से सुल्तानपुर के लिए 300 और बाराबंकी के लिए 200 आंगनबाड़ी किट प्रदान की गईं। प्रदेश में अब तक 74,993 आंगनबाड़ी केंद्रों को किट उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। दोनों जिलों की 600 बालिकाओं का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण भी कराया गया।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के एनआईआरएफ इंजीनियरिंग श्रेणी में देश में 138वें और प्रदेश में 18वें स्थान तथा राज्य विश्वविद्यालयों में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने खिलाड़ियों के तीन स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीतने पर भी बधाई दी।

मुख्य अतिथि यूपीपीएससी अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने विद्यार्थियों से ज्ञान के साथ चरित्र, सफलता के साथ विनम्रता और तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय संवेदना को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कुलपति डॉ. बिजेन्द्र सिंह ने विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह में चार शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया तथा वार्षिक प्रतिवेदन एवं विभिन्न पुस्तकों का विमोचन किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments