अयोध्या। बीकापुर कोतवाली पुलिस ने यातायात चेकिंग के दौरान फर्जी विधायक स्टिकर लगी एक काली स्कॉर्पियो को सीज किया है। वाहन पर विधानसभा सचिवालय से जुड़े दो स्टिकर के साथ समाजवादी पार्टी का झंडा लगा मिला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पांच अक्टूबर को यातायात व्यवस्था के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर जांच की गई। वाहन के सामने के शीशे पर दो अलग-अलग स्टिकर लगे मिले। इनमें एक पर ‘विधायक, विधानसभा सचिवालय’ लिखा था। साथ ही वाहन नंबर, और दिसंबर 2025 तक की वैधता दर्ज थी। दूसरा स्टिकर ‘उत्तर प्रदेश विधानसभा, विधायक लिखा था, जिस पर अन्य विवरण और प्रभुदयाल संधिया का नाम दर्ज था।
पुलिस ने चालक मोहम्मद सुहेल निवासी रौनाही से स्टिकरों के संबंध में पूछताछ की, लेकिन वह इनके संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही उनकी वैधता से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस ने स्कॉर्पियो को सीज कर कोतवाली बीकापुर में दाखिल करा दिया। पुलिस स्टिकरों की वास्तविकता और वाहन के इस्तेमाल के उद्देश्य की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।