अंबेडकर नगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के प्रतापपुर चामुर्खा गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के एक तालाब में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतक की पहचान पवन कुमार पुत्र रामप्रसाद राजभर के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पहले किसी भी तरह के निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी माना जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी भीटी लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।