जलालपुर, अम्बेडकर नगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के केदारनगर में स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं और महिलाओं का पीछा कर उन्हें परेशान करने के आरोप में मिशन शक्ति टीम ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन मजनू अभियान के तहत मिशन शक्ति टीम स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थानों के आसपास सघन निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि केदारनगर क्षेत्र में एक युवक छात्राओं और महिलाओं के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहा है, जिससे वे असहज महसूस कर रही हैं। एक महिला ने भी इसकी शिकायत पुलिस से की।
सूचना पर पहुंची मिशन शक्ति टीम ने मौके से साहुल राजपूत (26) निवासी ग्राम कटरिया सम्मनपुर, थाना कोतवाली अकबरपुर को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि युवक स्कूल और बाजार आने-जाने वाली छात्राओं एवं महिलाओं का लगातार पीछा कर रहा था। पूछताछ में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। आसपास मौजूद लोगों ने भी उसके व्यवहार पर आपत्ति जताई।
पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी के विरुद् विधिक कार्रवाई की है। अभियान में मिशन शक्ति टीम की प्रभारी उपनिरीक्षक सुषमा मौर्य सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।