जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव निवासी युवक की राजस्थान से घर लौटते समय ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार शाम तमसा नदी तट पर गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
हैदराबाद गांव निवासी सुरजीत (28) पुत्र अभय उर्फ शौकी लाल राजस्थान में रहकर मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार वह परिवार से मिलने के लिए तीन अगस्त को ट्रेन से घर लौट रहा था। इसी दौरान कोटा के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से रेलवे ट्रैक पर गिर पड़ा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। एंबुलेंस से जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार उसके घर पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
गुरुवार शाम तमसा नदी तट पर पूरे विधि-विधान से सुरजीत का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि परिवार के सदस्य ने दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण व रिश्तेदार मौजूद रहे। युवक की असमय मौत से गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।