अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा अयोध्या जिला और महानगर के नवनिर्वाचित अध्यक्षों की घोषणा के बाद संगठन में उत्साह का माहौल है। युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी तथा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि राधेश्याम त्यागी लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पित रहे हैं और दशकों से संगठन का झंडा मजबूती से उठाए हुए हैं। उनके जिला अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।
उन्होंने कहा कि कमलेश श्रीवास्तव का पुनः महानगर अध्यक्ष नियुक्त होना संगठन के लिए गर्व की बात है। कार्यकर्ताओं के साथ उनका व्यवहार और पार्टी के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता के बल पर पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पुनः सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल करेगी। मुलाकात के दौरान संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई।