जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरवाह गांव में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरवाह गांव निवासी अमित कुमार दुबे (26 वर्ष) पुत्र पवन कुमार दुबे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार अमित ताड़ी पीने का आदी था और गुरुवार को भी उसने ताड़ी का सेवन किया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी के चलते उसकी मौत हुई, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। मामले को लेकर जब अजय प्रताप यादव से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि अभी तक उन्हें घटना के संबंध में कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सूचना मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।