अयोध्या। गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती सप्ताह के अवसर पर युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राजापुर सरैया स्थित पार्वती गर्ल्स एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (महाविद्यालय) के खेल मैदान में हुआ। आयोजन के दौरान क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। रामपुर भगन-अयोध्या मार्ग और गोसाईंगंज बाजार में वाहनों की अधिकता के कारण जाम की स्थिति भी बनी रही।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सर्वेश कुमार वर्मा रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों की भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में कुर्मी क्षत्रिय सभा, लखनऊ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. डी.एम. कटियार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक वर्मा ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों में विमल कटियार और डॉ. कुलदीप डोंगर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। अतिथियों का स्वागत माला और शॉल देकर किया गया। आयोजन के दौरान डॉ. सर्वेश कुमार वर्मा को कुर्मी क्षत्रिय महासभा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को संगठित कर सामाजिक एकता और शिवाजी महाराज के विचारों पर चर्चा करना था। कार्यक्रम में समाज की 11 बेटियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।