अंबेडकर नगर। हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी के नारे के साथ आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में आयोजित हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी पदम सेन चौधरी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में पदम सेन चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से भाजपा की विभिन्न योजनाओं और अभियानों की श्रृंखला शुरू की गई है, जिसमें शिक्षक एमएलसी चुनाव मतदाता पुनरीक्षण, सेवा पखवाड़ा और आत्मनिर्भर भारत अभियान प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि देश के विकास की नींव पंडित अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में रखी गई थी और 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस विकास को नई गति दी है। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी पूरा होगा जब हर घर स्वदेशी को अपनाएगा।
जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान अब लोगों की मूल भावना से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि भारत में बेरोजगारी की स्थिति विदेशी शब्दों की देन है, लेकिन मोदी सरकार के प्रयासों से आत्मनिर्भरता की राह और मजबूत हुई है।
कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री सुरेश कन्नौजिया ने किया। इस अवसर पर विधायक धर्मराज निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, मनोज मिश्र, डॉ. राणा रणधीर सिंह, विमलेंद्र प्रताप सिंह मोनू, जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।