अयोध्या। थाना इनायतनगर क्षेत्र में महिला सुरक्षा को चुनौती देने वाली घटना ने लोगों में आक्रोश फैला दिया है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे इनायत नगर-गदुरही मार्ग पर फार्च्यूनर सवार दबंगों ने ई-रिक्शा में सवार दो महिलाओं और एक युवक को ओवरटेकिंग के विवाद में रोककर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के साथ छेड़खानी की गई, मोबाइल व गले की चेन छीन ली गई। पीड़िता द्वारा घटना का वीडियो सोशल मीडिया पीड़िता द्वारा वायरल किए जाने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति अपनी मां का इलाज कराकर बहन के साथ घर लौट रहे थे। रास्ते में साइड न मिलने पर नाराज ग्राम गढ़ा निवासी राजेश सिंह और संजय सिंह पुत्रगण कुंवर बहादुर सिंह सहित 10 अज्ञात लोगों ने अपनी फार्च्यूनर गाड़ी आगे लगाकर रिक्शा रोक लिया।
आरोप है कि पहले पीड़ित की बहन पर अश्लील टिप्पणी की गई और विरोध करने पर गाड़ी में रखे डंडों से युवक, उसकी मां और बहन की पिटाई कर दी गई। पीड़िता के अनुसार, आरोपितों ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की और छेड़खानी करते हुए गले की चेन भी गायब कर दी।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने लूट, छेड़खानी, मारपीट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि घटना में नामजद दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूंछतांछ की जा रही है। अन्य की तलाश की जा रही है।