जलालपुर अम्बेडकर नगर। जलालपुर क्षेत्र के मुरवाह गांव में गुरुवार देर रात सांप के डसने से एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जलालपुर क्षेत्र के मुरवाह गांव निवासी कंचन 35 वर्ष गुरुवार रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्यों को भोजन कराने के बाद सोने की तैयारी कर रही थीं। वह चारपाई पर मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी लगा रही थीं। इसी दौरान अंधेरे में अचानक उसके पैर के नीचे एक सांप दब गया। पैर पड़ते ही सांप ने कंचन को डस लिया, जिससे उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। महिला के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बिना देर किए उसे उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सालय ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मामलें में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए पंचनामा भरकर शव अपने सुपुर्द ले लिया। शुक्रवार को गांव में गमगीन माहौल के बीच महिला का अंतिम संस्कार किया गया। बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने से ग्रामीणों में भी भय का माहौल है।