जलालपुर अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के बेलउवा बरियारपुर गांव में ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर शनिवार रात हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला अचानक बेहोश हो गई, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेलउवा बरियारपुर निवासी हृदय नारायण और उनके भाई मंशाराम के दरवाजे के समीप गांव के ही शैलेंद्र यादव शनिवार रात ट्रैक्टर खड़ा कर रहे थे। दोनों भाइयों ने मार्ग बाधित होने की बात कहकर उसे वहां ट्रैक्टर खड़ा करने से मना किया। इस दौरान कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
इसी बीच हंगामा होता देख हृदय नारायण की पत्नी ऊषा देवी 50 बीच-बचाव करने पहुंचीं। बताया जाता है कि तनाव और झगड़े के दौरान उनका बीपी बढ़ गया और वे अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने स्थिति को शांत कराया और उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना पर मालीपुर थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष के अनुसार प्रारंभिक जांच में महिला की मौत अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से होना प्रतीत हो रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। मृतका के पति हृदय नारायण की तहरीर पर आरोपी शैलेंद्र यादव के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतका के घर कोहराम मचा है, जबकि गांव में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस पूरे मामले की गंभीर जांच में जुटी हुई है।