अम्बेडकर नगर। भीटी थाना क्षेत्र के वन खोदवा गांव में सोमवार को 35 वर्षीय महिला की छप्पर में लगे बांस के टुकड़े से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, रामजस निषाद बाहर रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के समय उनकी पत्नी सुषमा घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी राजेश के परिवार के लोगों ने छप्पर में लगे बांस के टुकड़े से पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
घटना से नाराज पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह को मौके पर बुलाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जब तक उच्चाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जाएगा।
वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।