◆ एक साल से अधिक समय से बकाया था पैसा, दोबारा मांगने पहुंची महिला के साथ मारपीट का आरोप
जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के रुकुनपुर कासिमपुर गांव में उधार दिए गए रुपये वापस मांगने पर एक महिला की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उधार दिए गए दो हजार रुपये वापस नहीं किए जा रहे थे। गुरुवार को जब वह दोबारा अपने रुपये मांगने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुकुनपुर कासिमपुर कर्बला निवासी तरीकुन्निसा पत्नी सेराज अहमद ने कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि गांव के संदीप कुमार पुत्र कर्मराज के पास उसके दो हजार रुपये उधार हैं। रुपये दिए हुए एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन कई बार मांगने के बावजूद उसे पैसे वापस नहीं मिल सके।
पीड़िता के मुताबिक, बीते गुरुवार को वह एक बार फिर अपने बकाया रुपये मांगने के लिए संदीप के पास पहुंची थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद हो गया और संदीप कुमार के साथ फूल कुमारी, सोनम तथा मालती ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संदीप कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।