युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों की संपत्ति जब्त कर वंचितों में बंटवा देंगे– सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि श्रावण मास में मुझे श्रवण की इस पावन स्थली पर युवाओं के साथ संवाद का अवसर प्राप्त हुआ है। इस पावन धरा को नमन करते हुए यहां के अन्नदाता किसानों समेत सभी नागरिकों का अभिवादन करता हूं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में 46 कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल को देखा, महिला स्वयंसेवियों की कार्यप्रणाली को देखा और उद्यमियों के प्रयास देखे। यहां नए उद्योग आ रहे हैं, युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। आज हमारा अंबेडकरनगर किसी मायने में कम नहीं है। अंबेडकर नगर अयोध्या धाम की परिवर्तन यात्रा का न केवल साक्षी है बल्कि लाभ भी पा रहा है। अंबेडकर नगर से पूर्वांचल व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे भी यहां से होकर गुजर रहे हैं। यहां हम औद्योगिक गलियारा भी बना रहे हैं और दोनों एक्सप्रेसवेज के किनारे औद्योगिक टाउनशिप भी बनाएंगे। इससे यहां के युवाओं को उनके जनपद में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।